आलापुर, अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के कटघर बाजार में बुधवार की रात चोरों ने एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी पार कर दी। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। यही नहीं, दुकान में रखी तिजोरी को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, जो बाद में घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिली।
जानकारी के अनुसार, कटघर निवासी दुकान स्वामी रोज की तरह मंगलवार की शाम अपनी आकाश ज्वेलर्स नामक दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में मौका पाकर अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़ा और दुकान के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद दुकान में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए। सुबह आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने दुकान का ताला टूटा और शटर उठा देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर दुकान स्वामी मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी तत्काल जहांगीरगंज पुलिस को दी गई।