Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 82 लाख की लागत से बने जगदेव बाबा सद्भावना हाल का हुआ...

82 लाख की लागत से बने जगदेव बाबा सद्भावना हाल का हुआ लोकार्पण

0

◆ गरीब परिवारों को शादी-विवाह समेत अन्य आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा


जलालपुर, अंबेडकर नगर। पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत निर्मित जगदेव बाबा सद्भावना हाल (मैरिज हाल) का विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री का जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने बताया कि सद्भावना मैरिज हाल के निर्माण पर 35 लाख, बाउंड्रीवाल पर पंचायती निधि से 15 लाख तथा मुख्य विकास अधिकारी की ओर से 32 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इस तरह कुल 82 लाख रुपये की लागत से परिसर का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि हाल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को शादी-विवाह, धार्मिक और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए सस्ती सुविधा उपलब्ध कराना है।
लोकार्पण के बाद मंत्री ओमप्रकाश राजभर और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने परिसर में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जगदेव बाबा घाट के विस्तार की मांग भी उठी। ब्लॉक प्रमुख ने छठ पूजा को देखते हुए करीब 70 मीटर पक्के घाट के निर्माण का प्रस्ताव रखा। ग्राम प्रधान की मांग पर सद्भावना हाल में बड़ा आरओ वाटर कूलर लगाने की स्वीकृति भी दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 11,500 डिजिटल लाइब्रेरी शुरू की गई हैं। उन्होंने सद्भावना हाल के निर्माण में ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के बाद मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और चुनाव की तैयारियों को मजबूत करने का मार्गदर्शन दिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version