Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आईपीएस अधिकारी की 94 वर्षीय मां की लूट के बाद हत्या से...

आईपीएस अधिकारी की 94 वर्षीय मां की लूट के बाद हत्या से हड़कंप

0

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के धमरूवा ग्राम पंचायत के मजरे रूढ़ा में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आवास निर्माण प्रभारी आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रा देवी का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। वृद्धा के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और उनके शरीर पर चोट व खरोंच के निशान मिले। घर से सोने की चेन, कंगन, कुंडल, अंगूठी समेत अन्य आभूषण गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

जानकारी के अनुसार इंद्रा देवी घर में अकेली रहती थीं। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनके पुत्र आईपीएस आशुतोष मिश्रा घर आए थे। उन्होंने अपनी मां के साथ संचालित विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और शाम को लखनऊ लौट गए।

रविवार सुबह करीब नौ बजे घर में काम करने वाली प्यारी देवी पहुंची। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। दरवाजा खोलकर वह अंदर गई तो इंद्रा देवी तख्त पर नहीं मिलीं। तलाश करने पर वह हाल में लगे बेड पर पड़ी मिलीं। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। काफी प्रयास के बाद भी शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर प्यारी देवी ने पड़ोसी राम नायक को सूचना दी। राम नायक मौके पर पहुंचे और वृद्धा के मुंह से कपड़ा निकाला। इसके बाद आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा को दी।

दोपहर करीब एक बजे आशुतोष मिश्रा घर पहुंचे। मां के शव को देखने के बाद उन्होंने शरीर पर पहने रहने वाले आभूषणों की जानकारी ली तो सोने की चेन, कंगन, कुंडल, अंगूठी सहित अन्य आभूषण गायब मिले। हाथ में इंजेक्शन लगाए जाने जैसा निशान और शरीर पर खरोंच के निशान भी मिले। परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया।

घटना की सूचना पर मालीपुर थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला, क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तेजवीर सिंह और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी ली।

शाम करीब छह बजे अयोध्या जोन के आईजी सोमेन वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घर के अंदर तथा छत पर जाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को घटना के जल्द अनावरण के निर्देश दिए।


फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल के साथ ही आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया और मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वृद्धा की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह पूरे मामले की निगरानी कर रही हैं और अधिकारियों ने जल्द खुलासे का दावा किया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version