Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जयपुरिया स्कूल में देशभक्ति से सराबोर हुआ स्वतंत्रता दिवस समारोह

जयपुरिया स्कूल में देशभक्ति से सराबोर हुआ स्वतंत्रता दिवस समारोह

0

अयोध्या । सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। स्कूल के चेयरपर्सन एवं अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल कुमार एम.बी., प्रशासनिक अधिकारी सतीश कुमार गुप्ता, कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रगति श्रीवास्तव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उनके संघर्ष के कारण ही देशवासी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद 15 अगस्त 1947 को देश ब्रिटिश शासन से स्वतंत्र हुआ। इसी कारण स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, मन लगाकर पढ़ाई करने और माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने का आह्वान किया। हेड बॉय सुयश पाण्डेय और हेड गर्ल सहजप्रीत कौर ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की एनसीसी परेड से हुई। कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों के बीच इंटर-हाउस फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। इसमें आद्या राय ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा तीन से पांच के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर समूहगान प्रस्तुत किया। कक्षा छह से आठ की इंटर-हाउस नृत्य प्रतियोगिता में गो गेटर्स हाउस विजेता रहा।

विद्यार्थियों ने विभिन्न देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम का संचालन इशिता त्रिपाठी और राजवर्धन सिंह ने किया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version