अम्बेडकर नगर। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय तैराकी प्रतियोगिता का सोमवार को एकलव्य स्टेडियम अकबरपुर में उत्साह और खेल भावना के साथ शुभारंभ हुआ। रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अकबरपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता 14 और 15 सितंबर तक पुरुष एवं महिला वर्ग में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय परिसर समेत संबद्ध आठ महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पहले दिन आयोजित विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 50 मीटर बटरफ्लाई में यशवंत सिंह ने प्रथम तथा पिंटू यादव ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 50 मीटर फ्री स्टाइल में विश्वविद्यालय परिसर के राजकुमार यादव प्रथम, राणा प्रताप पीजी कॉलेज के देवेंद्र निषाद द्वितीय और जेएलएनपीजी कॉलेज बाराबंकी के विवेक कुमार तृतीय रहे। 100 मीटर फ्री स्टाइल में विश्वविद्यालय परिसर के विवेक कुमार सिंह ने पहला, देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी के पिंटू यादव ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर फ्री स्टाइल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी के राज चौहान प्रथम और विवेक कुमार सिंह द्वितीय रहे। 400 मीटर फ्री स्टाइल में श्री विनायक पीजी कॉलेज अयोध्या के प्रदीप निषाद ने बाजी मारी, जबकि 800 मीटर फ्री स्टाइल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी के राज चौहान विजेता रहे।
इसी प्रकार 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में उर्मिला ग्रामीण शिक्षण संस्थान अयोध्या के वसंत यादव प्रथम, श्री विनायक पीजी कॉलेज के अभिषेक निषाद द्वितीय और राणा प्रताप पीजी कॉलेज सुल्तानपुर के देवेंद्र निषाद तृतीय रहे। 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में अभिषेक निषाद प्रथम, वसंत यादव द्वितीय और देवेंद्र निषाद तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में वसंत यादव तथा 400 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में राज चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर के साथ उर्मिला ग्रामीण शिक्षण संस्थान कोटसराय अयोध्या, केएनआईपीएसएस सुल्तानपुर, टीएनपीजी कॉलेज टांडा, श्री विनायक पीजी कॉलेज अयोध्या, देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी अम्बेडकरनगर, जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज बाराबंकी तथा राणा प्रताप पीजी कॉलेज सुल्तानपुर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में शिवकरन सिंह और वीरेंद्र कुमार ने जिम्मेदारी संभाली। मुख्य ऑफिशियल सीमेंद्र विक्रम सिंह, चंद्रिका मिश्रा, ऋषिकेश यादव, अभिषेक यादव और राजेश सिंह ने प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर मौजूद अधिकारियों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय की छात्राओं की भी आयोजन में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. सीमा यादव ने किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक कृष्ण कुमार विश्वकर्मा ने आयोजन समिति, प्राध्यापकों, कर्मचारियों, ऑफिशियल्स, पर्यवेक्षकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों के साथ महाविद्यालय की छात्राओं के सहयोग के प्रति आभार जताया।