अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र परिवारों एवं लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड 14 अगस्त 2026 तक हर हाल में बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को सीएचओ वार दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर माइक्रो प्लान तैयार करने और नियमित रूप से गोल्डन कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक सीएचओ को प्रतिदिन कम से कम 25 गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया। साथ ही जिला विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को कोटेदारों, पंचायत सहायकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सहयोग लेकर अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।