Saturday, July 25, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याआधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, आईएमए ने किया...

आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, आईएमए ने किया आयोजन


अयोध्या। चिकित्सा क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों से चिकित्सकों को अवगत कराने के उद्देश्य से भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) अयोध्या द्वारा होटल कृष्णा पैलेस में मेडिकल एजुकेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए नई चिकित्सा तकनीकों और जटिल बीमारियों के उपचार पर विस्तृत जानकारी दी।



कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केजीएमयू के पूर्व न्यूरो सर्जन डॉ. क्षितिज श्रीवास्तव ने मस्तिष्क एवं तंत्रिका तंत्र से जुड़ी विभिन्न बीमारियों के लक्षण, समय पर पहचान और प्रभावी उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता चल जाए तो बेहतर उपचार संभव है, इसलिए चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा ज्ञान से लगातार अपडेट रहना चाहिए।

एम्स नई दिल्ली की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा नेगी ने रोबोटिक और लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन विधियों से ऑपरेशन अधिक सुरक्षित और प्रभावी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कम दर्द, न्यूनतम रक्तस्राव, छोटे चीरे और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ जैसी विशेषताओं के कारण इन तकनीकों का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ, जबकि अध्यक्षता जनपद के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिओम श्रीवास्तव ने की। संचालन डॉ. शालिनी चौहान एवं डॉ. विनीत सिंह ने किया।

डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि आईएमए का उद्देश्य चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम जानकारियों से जोड़ना है, ताकि मरीजों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों के ज्ञान और कौशल को निरंतर समृद्ध करते हैं।

इस अवसर पर डॉ. सईदा रिजवी, डॉ. रजनीश वर्मा, डॉ. सुमित वर्मा, डॉ. वी.के. गुप्ता, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. आनंद शुक्ल, डॉ. अरविंद मिश्रा, डॉ. आर.पी.एन. सिंह सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने आईएमए के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सीएमई कार्यक्रम चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा देने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments