◆ आईफोन समेत 17 मोबाइल, चोरी की अपाचे बाइक और नकदी बरामद, दोनों आरोपियों पर कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
अयोध्या। रूदौली कोतवाली पुलिस ने हाईवे पर लूट और मोटरसाइकिल चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो अंतरजनपदीय शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक आईफोन, 16 अन्य मोबाइल फोन, चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के सहनी मोड़ के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को कूढ़ा सादात पेट्रोल पंप के पास एक बस चालक से आईफोन-15, चांदी की दो अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट और छह हजार रुपये लूटे गए थे। इसके अलावा 21 जून की रात हाईवे किनारे घर के सामने खड़ी अपाचे मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी। विवेचना के दौरान दोनों घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाराबंकी जिले के दरियाबाद थाना क्षेत्र निवासी बबलू रावत तथा रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र निवासी राकेश रावत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ बाराबंकी और अयोध्या में लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन, 16 अन्य मोबाइल फोन (कुल 17 मोबाइल), 1,370 रुपये नकद तथा चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल (यूपी-42 एवी-4436) बरामद की है। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अपराध शत्रुघ्न यादव, उपनिरीक्षक युवराज सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित कोतवाली रूदौली की पुलिस टीम शामिल रही।