अयोध्या । सोहावल विकासखंड में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव को सर्तकता अधिष्ठान की टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित रिपोर्ट लगाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की थी। कार्रवाई सुच्चितागंज क्षेत्र स्थित उनके किराए के आवास पर की गई।
विजिलेंस विभाग के मुताबिक, रौनाही थाना क्षेत्र के चिर्रा मोहम्मदपुर निवासी मुख्तार अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के लिए संबंधित अधिकारी द्वारा धनराशि मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद सर्तकता अधिष्ठान अयोध्या सेक्टर ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को आरोपी के संपर्क में रहने को कहा। तय स्थान पर जब शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, तभी पहले से मौजूद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ सर्तकता अधिष्ठान थाने में भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में सर्तकता अधिष्ठान की पुलिस अधीक्षक निशि द्विवेदी ने कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी कार्य के बदले धन की मांग करता है, तो उसकी शिकायत विभाग से की जा सकती है।