अयोध्या। देशभर में 27 अप्रैल को पहला ‘गो सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इसी के साथ गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ की शुरुआत होगी। अयोध्या से प्रारंभ हो रहे इस अभियान का उद्देश्य गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान दिलाना बताया गया है।
इस संबंध में शहर के सिविल लाइन स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी गई कि यह अभियान तीन चरणों में संचालित होगा और अंततः राष्ट्रपति भवन तक पहुंचेगा। पहले चरण में 27 अप्रैल को देशभर के लोग तहसील, ब्लॉक और अनुमंडल अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे। दूसरे चरण में 27 जुलाई को जिला कलेक्टर के माध्यम से तथा तीसरे चरण में 27 अक्टूबर को राज्य सचिव के जरिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
आयोजकों के अनुसार अभियान की चार प्रमुख मांगें हैं। इसमें देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गोमाता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा, केंद्रीय स्तर पर गो सेवा कानून और अलग गो मंत्रालय का गठन तथा राष्ट्रीय गोचर बोर्ड व चारा सुरक्षा नीति लागू करने की मांग शामिल है।
बताया गया कि इस अभियान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी भागीदारी करेगा। अभियान के प्रधान संरक्षक वेदलक्षणा गोमाता और अध्यक्ष नंदी बाबा बताए गए हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के लिए किसी प्रकार का दान या चंदा स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभियान से जुड़ने के इच्छुक लोगों के लिए एक मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर अभियान से जुड़ा जा सकता है।