अयोध्या। जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकार ने दो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए धनराशि अवमुक्त कर दी है। 108 ए हलकारा का पुरवा रेलवे ओवरब्रिज के समानांतर बनने वाले आरओबी के लिए 1987.53 लाख रुपये जारी किए गए हैं, जबकि इस परियोजना की कुल लागत 7694.17 लाख रुपये निर्धारित है। वहीं 125 सी अकबरपुर-अयोध्या-बाराबंकी रेल सेक्शन पर प्रस्तावित दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज के लिए 2153.73 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है, जिसकी कुल लागत 9681.73 लाख रुपये है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह इसके लिए लम्बे समय से प्रयासत थे।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह दोनों परियोजनाएं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही जाम की समस्या से निजात दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या के तीव्र विकास को देखते हुए इस प्रकार की परियोजनाएं अत्यंत आवश्यक हैं।
पूर्व सांसद ने आगे कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अयोध्या के संत-महंतों एवं आमजन की ओर से दोनों नेताओं का आभार व्यक्त किया है।