जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में हुए साहिल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मृतक के परिजनों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर नितीश तिवारी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह सफलता मिली। थाना सम्मनपुर में शरीफपुर निवासी अकील पुत्र हबीबुल्लाह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
बताया गया कि साहिल पुत्र शकील अहमद अपने साथियों मोहम्मद याशीन, मोहम्मद जमशेद और गुलाम रसूल के साथ बाजार से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में लखनिया गांव के कुछ लोगों ने बांस और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल साहिल की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने पट्टी-बरियावन रोड स्थित मेलहिया बाग के निकट कल्याणपुर संपर्क मार्ग तिराहे से आरोपी सुनील कुमार, दीपचंद, अंकित और सत्यम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।