अंबेडकर नगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में स्थित पानी की टंकी की पेंटिंग के दौरान हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र निवासी बाबूराम (45) पुत्र बनवारी दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने अन्य श्रमिक साथियों के साथ बलरामपुर गांव स्थित पानी की टंकी पर पेंटिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पेंटिंग के लिए बनाई गई बांस की पैठ अचानक टूट गई। पैठ टूटने से बाबूराम ऊंचाई से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके साथ काम कर रहे दो अन्य श्रमिक किसी तरह संभल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बाबूराम को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी चनरा देवी, तीन पुत्र अजय, पवन और गुलशन तथा एक पुत्री शिवानी को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में शोक व्याप्त है।