Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर सड़क दुर्घटना में घायल वन दरोगा की इलाज के दौरान मौत, मुकदमा...

सड़क दुर्घटना में घायल वन दरोगा की इलाज के दौरान मौत, मुकदमा दर्ज

0
ayodhya samachar

जैतपुर अंबेडकर नगर। गोरखपुर एक्सप्रेसवे पर अंबरपुर टोल प्लाजा के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल वन दरोगा संतोष कुमार सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बीते एक फरवरी की सुबह करीब आठ बजे गोरखपुर एक्सप्रेसवे पर मारुति स्विफ्ट डिजायर और स्कार्पियो कार में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में दोनों वाहनों में सवार पांच लोग घायल हो गए थे। स्विफ्ट डिजायर कार में सवार वन विभाग के दरोगा संतोष कुमार सिंह पुत्र रामपाल सिंह निवासी सवायन थाना सरपतहा जिला जौनपुर, जो वर्तमान में कुशीनगर में तैनात थे, अपने गांव जा रहे थे। वहीं दूसरी स्कार्पियो कार लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रही थी। गंभीर रूप से घायल दरोगा संतोष कुमार सिंह को  आजमगढ़ में  भर्ती करवाया गया था जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे तीन बेटियों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के छोटे भाई विनय कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने वाहन संख्या के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष थीरेन्द्र कुमार आजाद ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version