अयोध्या। राष्ट्रीय कला मंच, अवध प्रांत की ओर से प्रस्तावित ‘शब्द रंग साहित्य महोत्सव–2026’ के निमित्त डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय आर्ट इंटर्नशिप का शुभारंभ हुआ। दीप प्रज्वलन और कैनवास पर हस्ताक्षर कर शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारना और उन्हें कला की व्यावहारिक बारीकियों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय कला मंच के अखिल भारतीय संयोजक अभिनव दीप, प्रांत सह संगठन मंत्री ज्ञानेन्द्र सिंह, प्रांत संयोजक हर्षिका सिंह, महानगर प्रमुख सरिता सिंह तथा कलाकार अरुण कुमार और रूपाली की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर इंटर्नशिप की शुरुआत की। इस दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों को रंग और कैनवास प्रदान किए गए। अतिथियों ने कैनवास पर हस्ताक्षर कर इस रचनात्मक पहल का प्रतीकात्मक शुभारंभ भी किया।
आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय इंटर्नशिप में विद्यार्थियों को रंगों, रेखाओं, आकृतियों और विभिन्न कलात्मक प्रयोगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं एवं भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही साहित्यिक विचारों और संवेदनाओं को चित्रकला के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इंटर्नशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों को कला-सृजन के साथ उसकी वैचारिक समझ और सांस्कृतिक महत्त्व से भी जोड़ना है। ‘शब्द रंग साहित्य महोत्सव–2026’ की पृष्ठभूमि में आयोजित यह पहल साहित्य और दृश्य कला के बीच संवाद स्थापित करने तथा युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा विकसित करने का मंच प्रदान करेगी।
इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री अंकित भारतीय, विभाग संयोजक शशांक विद्यार्थी, महानगर संगठन मंत्री उदय मिश्रा, राष्ट्रीय कला मंच की महानगर संयोजक अंशिका तिवारी, सेवार्थ विद्यार्थी संयोजक रुचि पाण्डेय, विकासार्थ विद्यार्थी संयोजक आदित्य सिंह, इकाई अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी, इकाई उपाध्यक्ष हिमांशु त्रिपाठी, जतिन वर्मा और महानगर सोशल मीडिया संयोजक राहुल ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।