Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामलीलाओं के विकास के लिए सदैव तत्पर हूं : वेद प्रकाश गुप्ता

रामलीलाओं के विकास के लिए सदैव तत्पर हूं : वेद प्रकाश गुप्ता

0

◆ केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की बैठक में उठा रामलीलाओं को एक–एक लाख रुपये अनुदान देने का मुद्दा


अयोध्या । नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रभु श्रीराम उनके आराध्य हैं और अयोध्या का विधायक होना उनका सौभाग्य है। रामलीलाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। इनके सर्वांगीण विकास और आमजन का जुड़ाव बढ़ाने के लिए वह सदैव तत्पर हैं। वह शनिवार को स्थानीय जयपुरिया स्कूल में केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की ओर से आयोजित रामलीला समितियों के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

विधायक ने कहा कि अयोध्या में रामलीलाओं का मंचन और अधिक भावपूर्ण एवं आकर्षक हो, जिससे आमजन की इनमें सहभागिता बढ़े। इसके लिए रामलीला समितियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

बैठक में केंद्रीय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने दुर्गापूजा और रामलीला आयोजनों में सहयोग के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने में दुर्गापूजा एवं रामलीला समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। केंद्रीय समिति आयोजन को बेहतर बनाने के लिए समितियों को पूरा सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने 20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आयोजित होने वाली मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा में जनपदवासियों से शामिल होने की अपील की।

केंद्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि रामलीलाओं में अब बेहतर प्रदर्शन और मंचन देखने को मिल रहे हैं, जिससे श्रद्धालु इनका आनंद उठा सकेंगे। जिला संयोजक गगन जायसवाल ने कहा कि रामलीलाएं अपने ऐतिहासिक महत्व को बनाए रखते हुए आधुनिकता का समावेश कर रही हैं। इससे आमजन का जुड़ाव और समितियों को मिलने वाला समर्थन बढ़ रहा है।


रामलीलाओं को एक–एक लाख रुपये अनुदान देने की मांग


बैठक में केंद्रीय समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर ने नगर विधायक के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार से अयोध्या विधानसभा क्षेत्र की सभी रामलीला समितियों को बेहतर आयोजन और विकास के लिए एक-एक लाख रुपये का अनुदान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे रामलीलाओं का समुचित विकास हो सकेगा और आयोजन की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

बैठक को रामलीला समितियों की ओर से रानू द्विवेदी, कन्हैया लाल अग्रवाल, सिद्धार्थ महान, राजीव गुप्ता, रजनीश गुप्ता, पीयूष मौर्य, हनुमान प्रसाद वर्मा और किशन मौर्य सहित केंद्रीय समिति के प्रेमनाथ राय, अतुल सिंह, अखिलेश पाठक, रोहिताश चंद्र राजू, देवेंद्र अग्रहरि और विनय प्रकाश तिवारी ने भी संबोधित किया।

प्रवक्ता के अनुसार, बैठक में अमल गुप्ता, सौरभ श्रीवास्तव, अनूप गुप्ता, आशीष महिंद्रा, राजेंद्र सिंह वैभव, अमित कनौजिया, रंजीत शर्मा, राजू अग्रवाल, मयंकर शुक्ला और अंश गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version