अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशों पर जनपद में वर्षों से लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के तहत बीते एक माह में 05 वर्ष से अधिक तथा 03 वर्ष से अधिक पुराने कुल 490 राजस्व वादों का निस्तारण किया गया है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि 05 वर्ष से अधिक समय से लंबित 939 प्रकरणों में से 225 मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें अपर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी एवं अन्य मजिस्ट्रेट स्तर पर 53, तहसील सदर में 39, सोहावल में 10, बीकापुर में 64, मिल्कीपुर में 54 तथा रुदौली में 05 वादों का निस्तारण शामिल है।
इसी प्रकार 03 वर्ष से अधिक समय से लंबित 2018 प्रकरणों में से 265 मामलों का समाधान किया गया। इनमें अपर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी एवं अन्य मजिस्ट्रेट स्तर पर 44, तहसील सदर में 26, सोहावल में 43, बीकापुर में 54, मिल्कीपुर में 71 तथा रुदौली में 27 वादों का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक न्यायालय में नियमित सुनवाई सुनिश्चित की जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने न्यायालयों में पारदर्शिता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण आदेश पारित करने तथा वादकारियों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण से आमजन को राहत मिलेगी और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।