◆ शोभायात्रा में दिखीं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी झांकियां, गुप्तारघाट पर हुआ भंडारा
अयोध्या। सिंधी समाज का 74वां प्रभु झूलेलाल महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन संत नवलराम दरबार स्थित झूलेलाल मंदिर से बहिराणा साहिब की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोगों के साथ युवा, बच्चे, बुजुर्ग और मातृशक्ति शामिल हुई। भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच श्रद्धालु गुप्तारघाट तक पहुंचे।
महोत्सव के तहत पिछले 40 दिनों से संत नवलराम दरबार में प्रभु झूलेलाल की आरती, भजन और कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था। इसमें बड़ी संख्या में समाज की माताओं, बहनों, युवाओं और बुजुर्गों ने सहभागिता की। अंतिम चरण में हवन-पूजन और कलश पूजा के साथ आरती साहब का समापन हुआ।
‘एक शाम प्रभु झूलेलाल के नाम’ में कलाकारों ने बांधा समां

महोत्सव की पूर्व संध्या पर 20 अगस्त को कोहिनूर पैलेस में ‘एक शाम प्रभु झूलेलाल के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि संदीप भागिया (आईएएस), प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम तथा विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार रहे। अतिथियों ने समाज को एकजुट रहने और युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
