जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ-दियरा गांव निवासी अजय कुमार शुक्ला की हत्या के बाद गुरुवार को पोस्टमार्टम के पश्चात रात में शव का अंतिम संस्कार नेमपुर घाट पर गमगीन माहौल में किया गया। मृतक के भांजे आशीष शुक्ल ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों के बीच हत्या में अपनों के शामिल होने को लेकर चर्चाएं होती रहीं। उधर, हत्याकांड का मुख्य आरोपित मृतक का बड़ा भाई राजेश शुक्ला अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। प्रभारी एसओ मालीपुर अनिल शर्मा ने बताया कि राजेश की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
बताया गया कि गुरुवार सुबह अजय का खून से लथपथ शव उसके निर्माणाधीन मकान में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के अनुसार, अजय पर पहले चाकू से हमला किया गया। इसके बाद गला कसने और पैर में बिजली का तार बांधकर करंट प्रवाहित करने की बात सामने आई। मृतक की बहन उर्मिला देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ ही घंटों में हत्याकांड का राजफाश करने का दावा किया। पुलिस के मुताबिक, निःसंतान अजय की जमीन हड़पने की नीयत से उसके भाई राजेश, भाभी सोनी शुक्ला और अनिरुद्ध शुक्ला ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने सोनी और अनिरुद्ध को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि राजेश फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।