Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर बुजुर्ग से 30 हजार...

आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर बुजुर्ग से 30 हजार ठगे

0
ayodhya samachar

जलालपुर अम्बेडकर नगर। थाना कटका क्षेत्र के न्यौतारा गांव निवासी एक बुजुर्ग को आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक अज्ञात व्यक्ति ने 30 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का एहसास होने के बाद बुजुर्ग के परिजन उन्हें अकबरपुर से वापस घर लेकर आए।

न्यौतारा गांव निवासी जियालाल यादव साइकिल से हाफिजपुर में चाय पीने गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें नमस्ते करते हुए दादा कहकर बातचीत शुरू की। व्यक्ति ने बुजुर्ग से कहा कि उनके नाम पर 1.35 लाख रुपये की आवास योजना स्वीकृत हुई है। इसके लिए 30 हजार रुपये जमा करने होंगे। उसने यह भी कहा कि वह अकबरपुर से उनके घर की तलाश करते हुए आया है और संयोग से रास्ते में उनसे मुलाकात हो गई।

बुजुर्ग उस की बातों में आ गए और वह उन्हें अपने साथ लेकर जलालपुर पहुंचा, जहां जियालाल यादव ने 10 हजार रुपये निकाले। इसके बाद आरोपी उन्हें अकबरपुर ले गया, जहां उन्होंने 20 हजार रुपये और निकालकर उसे दे दिए। आरोपी ने कहा कि वह कार्यालय जाकर उनके खाते में आवास योजना की 1.35 लाख रुपये की धनराशि तत्काल ट्रांसफर करा देगा।

इसके बाद आरोपी बुजुर्ग को अकबरपुर में ही छोड़कर चला गया। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर जियालाल यादव ने अपने पुत्र को फोन किया। पुत्र ने उनसे पूछा कि वह कहां हैं और अकबरपुर में किसके साथ आए हैं। तब बुजुर्ग को ठगी का एहसास हुआ। सूचना पर पुत्र अकबरपुर पहुंचा और उन्हें वापस घर लेकर आया। बुजुर्ग ने बताया कि आरोपी से उनकी पहले से कोई जान-पहचान नहीं थी। इसके बावजूद उसकी बातों पर विश्वास कर उन्होंने उसे 30 हजार रुपये दे दिए। इस सम्बंध में पीड़ित ने थाना कटका में लिखित शिकायत की है। एसओ कटका अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जायेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version