अंबेडकर नगर। इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, ज्ञान और तार्किक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलने जा रहा है। एनटीपीसी की ओर से इस वर्ष आयोजित इलेक्ट्रॉन प्रश्नोत्तरी में एनटीपीसी टांडा एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थी भी भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकते हैं। प्रतियोगिता का क्षेत्रीय दौर पांच सितंबर से लखनऊ में शुरू होगा, जबकि राष्ट्रीय स्तर का ग्रैंड फिनाले आठ अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
इस वर्ष प्रतियोगिता देश के नौ शहरों—लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में आयोजित होगी। क्षेत्रीय दौर पांच सितंबर से पांच अक्टूबर के बीच होंगे। प्रतियोगिता में दो विद्यार्थियों की टीम भाग लेगी। इस वर्ष प्रश्नोत्तरी का विषय व्यापार एवं प्रबंधन की दुनिया रखा गया है।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को परखने के साथ तार्किक सोच, त्वरित निर्णय लेने और प्रश्नों का विश्लेषणात्मक उत्तर देने की क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 60 हजार रुपये, द्वितीय को 40 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। चौथे से छठे स्थान तक रहने वाली टीमों को आठ-आठ हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।
क्षेत्रीय दौर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रवेश करेंगी। प्रत्येक क्षेत्र से शीर्ष दो टीमें तीन राष्ट्रीय सेमीफाइनल में भाग लेंगी। इसके बाद प्रत्येक सेमीफाइनल से दो टीमें राष्ट्रीय फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। राष्ट्रीय सेमीफाइनल सात अक्टूबर और ग्रैंड फिनाले आठ अक्टूबर को एनटीपीसी के शक्ति प्रबंधन संस्थान में आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम को एक लाख रुपये, उपविजेता को 60 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 40 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 16-16 हजार रुपये, जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल अन्य 12 टीमों को आठ-आठ हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
एनटीपीसी की ओर से वर्ष 2004 से आयोजित की जा रही इलेक्ट्रॉन प्रश्नोत्तरी दो दशक से अधिक समय में कंपनी के प्रमुख छात्र-केंद्रित आयोजनों में शामिल हो चुकी है।