जलालपुर, अंबेडकरनगर। क्षेत्र में शिक्षा की आड़ में अवैध रूप से संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने विभिन्न विद्यालयों में छापेमारी कर बिना मान्यता अधिक कक्षाएं संचालित किए जाने पर नोटिस जारी करते हुए संचालकों से स्पष्टीकरण तलब किया। कार्रवाई के बाद स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने फतेहपुर मोहिबपुर स्थित सरदार भगत सिंह पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि विद्यालय को कक्षा एक से आठ तक संचालन की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं चलाई जा रही थीं।
वहीं नगर के नगपुर रोड स्थित मोहसिन पब्लिक स्कूल के निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय को केवल आठवीं तक की मान्यता मिली है, जबकि यहां कक्षा नौ एवं दस का संचालन किया जा रहा था।
इसके अलावा सरस्वती शिशु मंदिर जलालपुर में भी इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित मिलीं, जबकि विद्यालय को केवल आठवीं तक की मान्यता प्राप्त है।
खंड शिक्षा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने अवैध रूप से संचालित कक्षाओं को लेकर संबंधित विद्यालय संचालकों से शपथ पत्र के साथ दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने संचालकों को कड़ी फटकार लगाते हुए अमान्य कक्षाओं का संचालन तत्काल बंद करने की चेतावनी दी।
बीईओ ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं।