अयोध्या। चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी और अधिकारियों की लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-3) के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। डीएम ने अधिशासी अभियंता समेत 13 अधिकारियों का अगस्त माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
हाल ही में मंडलायुक्त राजेश कुमार के साथ चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर निर्माण एवं पौधरोपण कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि निर्माण कार्यों की प्रभावी निगरानी नहीं की जा रही थी, जिससे कार्यों में गंभीर खामियां सामने आईं। इसे प्रशासन ने गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
कार्रवाई की जद में अधिशासी अभियंता सत्यपाल सिंह, सहायक अभियंता अखिल वर्मा, विपिन कुशवाहा और पूर्ण कुमार रस्तोगी के अलावा अवर अभियंता विनोद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, मनोज कुमार श्रीवास्तव, करुणेश कुमार सिंह, प्रवीण कुमार शर्मा, मनोज कुमार, अशोक कुमार यादव, विनोद कुमार विश्वकर्मा तथा स्वतंत्र कुमार बीहड़ शामिल हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित और धार्मिक महत्व की परियोजनाओं में लापरवाही, उदासीनता अथवा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।