Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या आईटीएमएस की निगरानी में तीन माह में 36,869 वाहनों का चालान, जुलाई...

आईटीएमएस की निगरानी में तीन माह में 36,869 वाहनों का चालान, जुलाई में नियम उल्लंघन के मामलों में आई कमी

0

अयोध्या। नगर निगम की इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) व्यवस्था यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार शिकंजा कस रही है। हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों और स्वचालित निगरानी प्रणाली के जरिए पिछले तीन माह में 36,869 वाहनों का चालान किया गया। हालांकि लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान के चलते जुलाई माह में यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार मई में सबसे अधिक 17,278 वाहनों के चालान किए गए, जबकि जून में 15,502 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई। जुलाई में यह संख्या घटकर 4,089 रह गई, जिसे प्रशासन ने यातायात नियमों के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत माना है।

आईटीएमएस के तहत बिना हेलमेट दोपहिया चलाना, ट्रिपल राइडिंग, रेड लाइट जंप करना, रॉन्ग डायरेक्शन में वाहन चलाना तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर स्वचालित रूप से ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के तीनों जोनों में आईटीएमएस प्रणाली पूरी तरह लागू कर दी गई है। इसके तहत निषादराज चौराहा, टेढ़ी बाजार, उदया चौराहा, नियावां, रिकाबगंज, नाका, पुलिस लाइन, सिविल लाइन और देवकाली सहित 20 प्रमुख चौराहों पर हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और स्मार्ट ट्रैफिक मॉनिटरिंग उपकरण लगाए गए हैं। ये कैमरे चौबीसों घंटे यातायात गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आईटीएमएस प्रणाली से कानून-व्यवस्था को भी मजबूती मिली है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक एक बटन दबाकर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं। नगर आयुक्त ने लोगों से हेलमेट पहनने, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और सभी यातायात नियमों का ईमानदारी से अनुपालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और अनावश्यक चालान से भी बचा जा सकेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version