अम्बेडकरनगर। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली अकबरपुर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवागत जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भी मौजूद रहीं।
समाधान दिवस के दौरान डीएम व एसपी ने फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र, निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में विवाद का स्थायी समाधान कराए।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी नीतीश कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अकबरपुर विशाल सारस्वत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।