Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या श्रावण झूला मेला की तैयारियों की मंडलायुक्त ने की समीक्षा, सुरक्षा और...

श्रावण झूला मेला की तैयारियों की मंडलायुक्त ने की समीक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा विशेष जोर

0

◆ सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश, कांवड़ यात्रा और प्रमुख पर्वों को लेकर बनाई कार्ययोजना


अयोध्या। श्रावण मास में आयोजित होने वाले श्रावण झूला मेला, कांवड़ यात्रा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष श्रावण मास का आरंभ 30 जुलाई से होगा। श्रावण के चारों सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे। कांवड़ यात्रा 8 अगस्त से शुरू होगी, जबकि श्रावण झूला मेला 15 अगस्त को मणिपर्वत झूलनोत्सव के साथ प्रारंभ होगा। नागपंचमी, गोस्वामी तुलसीदास जयंती, पुत्रदा एकादशी, प्रदोष व्रत, शिवरात्रि और रक्षाबंधन जैसे प्रमुख पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना जताई गई।

मंडलायुक्त ने कहा कि अयोध्या में आसपास के कई जनपदों से श्रद्धालु और कांवड़िये आएंगे। ऐसे में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डीआईजी सोमेन वर्मा ने रूट चार्ट पहले से तैयार करने, घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात योजना, नगर निगम को घाटों और मेला क्षेत्रों की साफ-सफाई, स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, दवाइयों एवं एंटी-वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को प्रकाश व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग तथा कंट्रोल रूम की सतत निगरानी करने को कहा गया।

इसके अलावा अयोध्या विकास प्राधिकरण को प्रमुख मार्गों पर साइनेज की मरम्मत एवं सेल्फी प्वाइंट विकसित करने, खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच, पशुपालन विभाग एवं नगर निगम को छुट्टा पशुओं के संरक्षण, रोडवेज को अतिरिक्त बसों तथा रेलवे प्रशासन को आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version