Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या विद्यालयी शूटिंग प्रतियोगिता में कनौसा की अंशिका और एसएसवी के आलिम बने...

विद्यालयी शूटिंग प्रतियोगिता में कनौसा की अंशिका और एसएसवी के आलिम बने विजेता

0

◆ माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित हुई जनपदीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता


अयोध्या। एसएसवी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग की जनपदीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वार्षिक खेल के तहत आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में कनोसा कान्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की शूटिंग खिलाड़ी अंशिका सिंह और बालक वर्ग में एसएसवी इंटर कॉलेज के शूटिंग खिलाड़ी आलिम जफर खान विजेता बने। शूटिंग प्रतियोगिता 14, 17 व 19 आयु बालक – बालिका वर्ग में आयोजित हुई।

प्रतियोगिता संयोजक एसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ.मणिशंकर तिवारी ने पिस्टल से फायर करके प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता की प्रथम सीढ़ी ही लगन और परिश्रम  है। जिसके संकल्प मजबूत होते हैं उन्हें सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता। डॉ.तिवारी ने शिक्षा के साथ खेल गतिविधि में रुचि लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया।

प्रतियोगिता को व्यवस्थित तरीके से आयोजित कराने में एसएसवी स्कूल के शिक्षक जयेंद्र पाठक, नेशनल पिस्टल शूटर भास्कर पाण्डेय, ब्लाक हैरिंगटनगंज के पीटीआई व शूटिंग खिलाड़ी डॉ.अजय सिंह की भूमिका अहम रही। प्रतियोगिता के आरंभ में एसएसवी स्कूल के शिक्षक जयेंद्र पाठक व अन्य शिक्षकों ने निर्णायक टीम का स्वागत किया।

एसएसवी स्कूल के शिक्षक जयेंद्र पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में कनोसा स्कूल की अंशिका सिंह ने 400 में 321 जबकि एसएसवी स्कूल के आलीम जफर खान ने 400 में से 329 स्कोर हासिल किया। अपने -अपने वर्ग के दोनों विजेता शूटिंग खिलाड़ी इस माह के अंतिम सप्ताह में अमेठी जनपद में आयोजित मंडलीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

 इस दौरान कनोसा स्कूल की खेल शिक्षिका प्रिया मिश्रा, एसएसवी स्कूल के शिक्षक रविप्रकाश श्रीवास्तव, विवेकानंद पाण्डेय, नवीन यादव व अन्य मौजूद रहे। शूटिंग खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी, मंडलीय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह और जिला क्रीड़ा समिति के सचिव अभिषेक सिंह ने बधाई दी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version