Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जिलाधिकारी ने लिया जल आपूर्ति का फीडबैक, साफ-सफाई दुरुस्त करने के दिए...

जिलाधिकारी ने लिया जल आपूर्ति का फीडबैक, साफ-सफाई दुरुस्त करने के दिए निर्देश

0

अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला के साथ अकबरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत अलावलपुर और मुरादपुर में जल निगम मिशन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हर घर जल योजना के तहत हो रही जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ग्रामीणों से ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले वाटर पंप हाउस का जायजा लिया। यहां उन्होंने जल वितरण रोस्टर, कर्मचारी रजिस्टर और शिकायत रजिस्टर देखा। शिकायतकर्ताओं से खुद फोन पर बात कर उन्होंने फीडबैक लिया, जो संतोषजनक रहा। पंप ऑपरेटर से जलापूर्ति की जानकारी लेने के साथ ही जिलाधिकारी ने उसे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद जिलाधिकारी मुरादपुर पहुंचे और घर-घर जाकर ग्रामीणों से जलापूर्ति की स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें तय रोस्टर के अनुसार पानी मिल रहा है। जिलाधिकारी ने जल निगम कर्मियों को निर्देश दिया कि जल आपूर्ति अंतिम छोर तक पूरे प्रेशर के साथ सुनिश्चित की जाए और जिन घरों में कनेक्शन शेष हैं, वहां जल्द से जल्द कनेक्शन दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान गांव में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने पर जिलाधिकारी ने बीडीओ को तुरंत सफाई कर्मी लगाकर व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं, विद्युत तार ढीले पाए जाने पर अधिशासी अभियंता विद्युत को फोन पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version