अयोध्या । कलेक्ट्रेट कार्यालय, अयोध्या में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, पेंशन, विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति, सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी प्राप्त प्रकरणों की नियमित रूप से समीक्षा करें तथा प्रत्येक मामले की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की स्थिति एवं निस्तारण की सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई को औपचारिकता न समझते हुए आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।