जलालपुर अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के गुवांवा जमालपुर के पास सोमवार को सड़क हादसे में शिक्षक की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेज व लापरवाही से वाहन चलाने समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। सोमवार दोपहर जलालपुर थाना क्षेत्र के भस्मा गांव निवासी शिक्षक शैलेन्द्र कुमार यादव (45) विद्यालय से बाइक से घर लौट रहे थे। वह सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर क्षेत्र स्थित यूपीएस दशऊपुर में शिक्षक थे। गुवांवा जमालपुर के पास पहुंचने पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया था।
मृतक के भाई रामचंद्र ने मालीपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके भाई की बाइक में टक्कर मारी, जिससे उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मालीपुर थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।