Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन, पार्किंग व व्यापारिक सुविधाओं को लेकर उठी...

व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन, पार्किंग व व्यापारिक सुविधाओं को लेकर उठी मांगें

0
ayodhya samachar

अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक में शहर के व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट ने की, जिसमें व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

बैठक में प्रमुख रूप से दामोदर धर्मशाला की खाली पड़ी नजूल जमीन पर पार्किंग के साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित करने की मांग उठी। व्यापारियों का कहना था कि शहर में पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में इस भूमि का उपयोग जनसुविधा के लिए किया जाना आवश्यक है।

वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक विजय गुप्ता के अनुरोध पर अपर जिलाधिकारी ने रिकाबगंज स्थित नरेन्द्रालय में संचालित वाहन पार्किंग में व्यापारियों के लिए मासिक पास योजना लागू करने के निर्देश नगर निगम को दिए। इससे नियमित रूप से आने-जाने वाले व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।

नगर निगम द्वारा जानकारी दी गई कि हाउस टैक्स सर्वे के लिए नई कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और सर्वे में पाई जाने वाली विसंगतियों को कैंप लगाकर दूर किया जाएगा। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने रामपथ पर यात्री शेड निर्माण की प्रगति से भी अवगत कराया।

बैठक में भाजपा कार्यालय के पास बने वेंडिंग जोन को लॉटरी के माध्यम से शीघ्र आवंटित कर संचालन शुरू करने की मांग भी उठी। साथ ही मोदहा क्रॉसिंग से जीएसटी कार्यालय तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण में संशोधन की मांग रखी गई, ताकि स्थानीय व्यापार प्रभावित न हो।

अपर जिलाधिकारी ने लंबित बिंदुओं पर शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए अगली बैठक से पूर्व आख्या प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में नामित पार्षद ज्ञान केसरवानी, केके गुप्ता, नीरज जायसवाल और पंकज गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version