Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर संदिग्ध हालात में पेड़ से लटकता मिला शव, हत्या या आत्महत्या—बना चर्चा...

संदिग्ध हालात में पेड़ से लटकता मिला शव, हत्या या आत्महत्या—बना चर्चा का विषय

0
ayodhya samachar

अम्बेडकर नगर। अहिरौली क्षेत्र के असरफपुर वरवां गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव गांव के बाहर एक पेड़ से संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रामतीरथ गुप्ता पुत्र स्वर्गीय त्रिलोकी गुप्ता के रूप में हुई है, जो मुंबई में काम करता था और बुधवार को ही अपने गांव वापस लौटा था। सूचना मिलने पर अहिरौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पारिवारिक विवाद की आ रही बात सामने


ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर लौटने के बाद रामतीरथ का अपनी पत्नी व बच्चों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि विवाद के दौरान मृतक के साथ मारपीट भी हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ता देख रामतीरथ अकबरपुर स्टेशन तक गया था, लेकिन ट्रेन न मिलने के कारण देर शाम तक वापस गांव लौट आया।


रात में फिर हुआ विवाद, पुलिस ने दी थी चेतावनी


स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात घर में दोबारा विवाद हुआ जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों को समझा-बुझाकर शांत कराया और चेतावनी देकर वापस लौट गई।


शव की स्थिति ने खड़े किए सवाल


गुरुवार की सुबह रामतीरथ का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। शव की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मृतक के पैर में चप्पल मौजूद थी और जमीन से शव की ऊंचाई सामान्य नहीं थी, जिससे आत्महत्या की आशंका पर संदेह जताया जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि मामला हत्या का हो सकता है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।


पुलिस कर रही जांच


फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई तहरीर दर्ज नहीं की गई थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version