आलापुर, अंबेडकर नगर। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) के पांचवें स्थापना दिवस पर रविवार को संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कसदहा गौशाला पहुंचकर गौसेवा की और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान गोवंशों को फल खिलाए गए तथा पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपज के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय कार्यसमिति सदस्य सुभाष गुप्ता ने कहा कि गौसेवा और वृक्षारोपण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पुनीत कार्य हैं। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन के लिए प्राणवायु, शुद्ध जल, फल और औषधियां उपलब्ध कराते हैं, जबकि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। उन्होंने सभी लोगों से प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला सचिव दिलीप कुमार सोनी, नरेंद्र कुमार तिवारी, शिक्षक लल्लन तिवारी तथा गौशाला के केयरटेकर इंद्रजीत यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से गौसंरक्षण और हरित पर्यावरण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया गया।