Friday, September 25, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरकरंट की चपेट में आने से विद्युत संविदा कर्मी की मौत

करंट की चपेट में आने से विद्युत संविदा कर्मी की मौत

जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर-रामगढ़ मार्ग पर नगपुर त्रिमुहानी के पास शुक्रवार दोपहर विद्युत तारों पर लटकी झाड़ियों और डालियों की सफाई कर रहा विद्युत संविदा कर्मी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ताजूपुर पिड़ैला गांव निवासी स्वर्गीय राम नरेश मौर्य का 25 वर्षीय पुत्र विपिन मौर्य विद्युत विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार को दोपहर करीब 2:20 बजे वह नगपुर त्रिमुहानी के पास विद्युत तारों पर लटकी झाड़ियों और डालियों को साफ कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
विभागीय कर्मचारियों द्वारा आनन-फानन में उसे नगपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद विपिन को मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतक छह भाइयों में चौथे नंबर का था और अभी अविवाहित था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments