अंबेडकरनगर। एनटीपीसी-टांडा मार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग संख्या 13बी पर 2-लेन आरओबी का निर्माण तेजी से चल रहा है। 673.76 मीटर लंबे इस आरओबी का करीब 67 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मार्च 2027 तक परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी स्वीकृत लागत 56.31 करोड़ रुपये है।
उप परियोजना प्रबंधक कमलेश त्रिपाठी ने बताया कि वायाडक्ट के फाउंडेशन, सब-स्ट्रक्चर और सुपर-स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है। रेलवे पोर्शन के लिए पाइल का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। दोनों ओर सर्विस रोड और आरई वॉल का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कार्यदायी संस्था सेतु निगम बस्ती को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आरओबी बनने से रेलवे क्रासिंग पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। टांडा, एनटीपीसी, अयोध्या, इल्तिफातगंज और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।