◆ खाद, बिजली व सिंचाई संकट को लेकर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अयोध्या । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महानगर और जिला कांग्रेस कमेटियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर अयोध्या में जोरदार प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने सदर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। नायब तहसीलदार गौरीशंकर वर्मा को सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश में यूरिया खाद की किल्लत, सिंचाई हेतु बिजली और पानी की कमी तथा खाद की कालाबाजारी पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। भाजपा सरकार के वादे खोखले साबित हुए हैं। पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा और बृजेश रावत ने कहा कि खरीफ की फसल के समय बिजली कटौती और खाद की कमी ने किसानों को संकट में डाल दिया है।
महानगर उपाध्यक्ष हरजीत सिंह सलूजा और महिला नेता नाजिश फातिमा ने खाद की कालाबाजारी और लंबी कतारों में खड़े किसानों की पीड़ा को सामने रखा। कार्यक्रम का संचालन महानगर महासचिव जिओ हैदर ने किया।
