जलालपुर, अम्बेडकर नगर। अकबरपुर रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई जारी है और अब एक बार फिर प्रशासन ने तमसा नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर जलालपुर राजस्व विभाग की अलग-अलग टीमों ने सोमवार से जलालपुर तहसील क्षेत्र के पश्चिमी छोर से लेकर जिले की सीमा तक तमसा नदी की पैमाइश का कार्य शुरू कर दिया है।
पैमाइश के दौरान जहां ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण की कोई बड़ी शिकायत नहीं मिली, वहीं जलालपुर नगर पालिका क्षेत्र और उससे सटे इलाकों में तमसा नदी की जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण सामने आए हैं। पैमाइश की कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में भी जलालपुर नगर पालिका क्षेत्र में तमसा नदी की सीमा तय करने के लिए पैमाइश की गई थी, जिसमें करीब साढ़े चार सौ मकान अवैध रूप से निर्मित पाए गए थे। हालांकि, तब कार्यवाही केवल सीमांकन तक ही सीमित रह गई थी।
अब एक बार फिर प्रशासन तमसा नदी को उसके पुराने स्वरूप में लाने के लिए सख्ती दिखा रहा है। इस बार व्यापक पैमाने पर सीमांकन हो रहा है, जिससे नदी के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में बसे अतिक्रमणकारियों में खलबली मची हुई है।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तमसा नदी की सीमांकन और मकानों की गणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।