◆ खाद, बिजली व सिंचाई संकट को लेकर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अयोध्या । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महानगर और जिला कांग्रेस कमेटियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर अयोध्या में जोरदार प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने सदर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। नायब तहसीलदार गौरीशंकर वर्मा को सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश में यूरिया खाद की किल्लत, सिंचाई हेतु बिजली और पानी की कमी तथा खाद की कालाबाजारी पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। भाजपा सरकार के वादे खोखले साबित हुए हैं। पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा और बृजेश रावत ने कहा कि खरीफ की फसल के समय बिजली कटौती और खाद की कमी ने किसानों को संकट में डाल दिया है।
महानगर उपाध्यक्ष हरजीत सिंह सलूजा और महिला नेता नाजिश फातिमा ने खाद की कालाबाजारी और लंबी कतारों में खड़े किसानों की पीड़ा को सामने रखा। कार्यक्रम का संचालन महानगर महासचिव जिओ हैदर ने किया।
इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में सोहावल तहसील परिसर में भी प्रदर्शन हुआ। नायब तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। सभा की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद ने की और संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा ने किया।
जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि किसान आज भी खाद, बिजली और पानी के लिए संघर्ष कर रहा है जबकि मुनाफा कमाने वाले उद्योगपति फल-फूल रहे हैं। यह विडंबना भाजपा शासन की नीतिगत विफलता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।
ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों को धान की फसल के लिए तत्काल यूरिया और सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा ,धीरेंद्र नाथ वर्मा, फ्लावर नकवी, सुरेंद्र प्रतापसिह,जिओ हैदर, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा,अशोक कुमार राय ,डॉ विनोद गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अशोक कनौजिया, अवधेश तिवारी ,प्रेम कुमार पांडे,देव कुमार वर्मा ,अशोक कुमार शर्मा कल्लू, अनूप सिंह वीरू, भीम शुक्ला, अनिल सोनकर ,विकास मिश्रा, फिरोज अंसारी, शुभम सोनकर ,आदर्श यादव आदि उपस्थित रहे।