अयोध्या। नाका क्षेत्र स्थित हनुमानगढ़ी के सामने परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण के लिए मकान और दुकानों को हटाए जाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को लेकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि विकास कार्यों के लिए कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। इसके बाद ही मकान और दुकानों को हटाने की कार्रवाई होनी चाहिए थी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से देर रात की गई कार्रवाई में प्रभावित लोगों को अपना सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान प्रभावित लोगों के प्रति मानवीय संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए। जिन लोगों के मकान और दुकानें कार्रवाई से प्रभावित हुई हैं, उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की मांगों को लेकर कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी और उनके अधिकारों तथा उचित मुआवजे के लिए आवाज उठाती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल में सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, डॉ. विनोद गुप्ता, चंचल सोनकर, अवधेश तिवारी, धीरेंद्र सिंह ‘बबलू’ सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।