◆ 100 से बढ़कर 150 हो सकती हैं सीटें, स्वीकृति मिलने पर नए सत्र से मिलेगा लाभ
अम्बेडकरनगर। महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सीटों में वृद्धि के प्रस्ताव पर मंगलवार को अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ की ओर से गठित स्थानीय निरीक्षण समिति ने महाविद्यालय का निरीक्षण किया। वर्तमान में कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटें हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर इनकी संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी।
निरीक्षण समिति में राजर्षि दशरथ स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, अयोध्या के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार सिंह, डॉ. पारस खर्बंदा और डॉ. अरविंद कुमार शामिल रहे। समिति ने महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक व चिकित्सकीय सुविधाओं, आधारभूत संरचना और मानव संसाधन का जायजा लिया। साथ ही राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति भी परखी।