अंबेडकर नगर। पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के लिए रविवार का दिन खास रहा। विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने, दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता और कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा से जिले के रसोइयों में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत के प्रशासक एवं पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पीएम पोषण योजना के रसोइये मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण की शुरुआत की। साथ ही रसोइयों के मानदेय में वृद्धि समेत कई कल्याणकारी घोषणाएं की गईं। इन घोषणाओं का प्रसारण देखते हुए कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों ने सरकार के प्रति आभार जताया।
कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रसोइयों के मानदेय में लगातार बढ़ोतरी की है। पहले उन्हें एक हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर दो हजार और अब तीन हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले से रसोइयों को आर्थिक मजबूती के साथ सम्मान भी मिला है।
जिला पंचायत के प्रशासक एवं पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले सरकार ने रसोइयों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि के साथ दुर्घटना की स्थिति में परिवार को दो लाख रुपये की सहायता और सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा दी गई है। साड़ी के लिए मिलने वाली धनराशि भी बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना के संचालन में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाने वाले इन कर्मियों के हित में सरकार के फैसले सराहनीय हैं।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि बच्चों के पोषण और विद्यालय के बेहतर वातावरण में रसोइयों का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देते हुए रसोइयों के कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों ने मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और दुर्घटना सहायता का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से उन्हें आर्थिक संबल के साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम मिश्रा ने अतिथियों और रसोइयों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में सुभासपा जिलाध्यक्ष समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जिले की अन्य सभी तहसीलों में भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।