Sunday, August 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याजिलाधिकारी ने नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद, सफलता के दिए...

जिलाधिकारी ने नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद, सफलता के दिए मंत्र


अम्बेडकर नगर। जवाहर नवोदय विद्यालय, अकबरपुर में रविवार को जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली। डीएम ने बच्चों को अनुशासन और परिश्रम के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, किचन तथा बालक-बालिका छात्रावास का भ्रमण किया। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, शैक्षिक वातावरण और विद्यार्थियों को मिल रही अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी। छात्रावास में विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनकी कक्षाओं, विषयों, पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

डीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि अनुशासन, मेहनत और निरंतर अध्ययन सफलता की मजबूत नींव हैं। समय का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और लगातार प्रयास करते रहें। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध बेहतर शैक्षिक वातावरण और संसाधनों का पूरा लाभ उठाकर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारें और परिवार व जनपद का नाम रोशन करें।

इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाएं भी सुनीं और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए।

किचन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित मेन्यू के अनुसार विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन की जानकारी ली। निरीक्षण में मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाना पाया गया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि परिसर की साफ-सफाई, भोजन, आवासीय सुविधाओं और शैक्षिक वातावरण से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा इन्हें लगातार बेहतर बनाए रखा जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments