जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान एक युवक को चोरी के सामान और अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ किलोग्राम वजन का पीतल का घंटा, लोहे की सरिया के टुकड़े, सफेद धातु की राखी और 3,550 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मालीपुर-खानसूपुर ताहापुर मार्ग पर गश्त कर रही थी। ताहापुर प्राथमिक विद्यालय के पास एक युवक हाथ में झोला लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे विद्यालय के पास सामुदायिक शौचालय के निकट पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम विनय कुमार पुत्र श्यामसुंदर निवासी आजनपारा, थाना मालीपुर बताया। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष है। तलाशी के दौरान कपड़े के झोले से पीतल का घंटा, लोहे की सरिया के टुकड़े, पारदर्शी पन्नी में सफेद धातु की राखी और 3,550 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने उसकी कमर की फेट से एक अवैध चाकू भी बरामद किया। मालीपुर प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।