जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के शिवपाल अंडरपास के पास शुक्रवार शाम सड़क दुर्घटना में घायल 60 वर्षीय वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात चार पहिया वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सेहरी (कोचपुर) गांव निवासी पुद्दन पुत्र धन्नू 60 वर्ष शुक्रवार शाम बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शिवपाल अंडरपास के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार मझौसा निवासी अवनीश कुमार और कुसुमखोर निवासी रामप्रवेश भी घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी नगपुर ले जाया गया, जहां से पुद्दन की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। संतुष्टि के लिए परिजन उन्हें एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र अजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।