जलालपुर, अंबेडकरनगर। स्थानीय क्षेत्र के एक पोल्ट्री फीड व्यवसायी ने वाराणसी के फीड कारोबारियों पर 76.80 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है। न्यायालय के आदेश पर जलालपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मितूपुर रोड निवासी एवं पदमा इंटर प्राइजेज, बड़ागांव के प्रबंधक विनोद कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी फर्म पोल्ट्री फीड एवं पशु आहार निर्माण का कार्य करती है। वर्ष 2023 से वाराणसी जनपद के फूलपुर क्षेत्र स्थित लक्ष्मी फीड्स की प्रोपराइटर बबिता जायसवाल और उनके पति नन्हकू जायसवाल के साथ उनका व्यापारिक लेन-देन चल रहा था।
पीड़ित के अनुसार, अक्टूबर और नवंबर 2023 में आरोपितों ने 60 दिनों के भीतर भुगतान करने का भरोसा देकर करीब 72 लाख रुपये मूल्य का पोल्ट्री फीड उधार लिया था। इसके बाद फीड मिल निर्माण में धन निवेश किए जाने का हवाला देते हुए वे लगातार माल मंगाते रहे। आरोप है कि 20 जून 2024 तक फीड की आपूर्ति लेने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिससे बकाया राशि बढ़कर 76,80,391 रुपये हो गई।
विनोद कुमार यादव का कहना है कि जब भी भुगतान की मांग की गई, आरोपित टालमटोल करते रहे। उनका आरोप है कि शुरुआत से ही सुनियोजित तरीके से धन हड़पने की नीयत से व्यापारिक संबंध स्थापित किए गए और बाद में भुगतान करने से इंकार कर दिया गया। इसे उन्होंने धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला बताया है।
मामले में न्यायालय के आदेश पर जलालपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।