आलापुर अंबेडकर नगर। आजमगढ़ जिले के रौनापार से लखनऊ जाने वाली बस के परिचालक ने जैतपुर थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर मारपीट और नकदी छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को बुलाकर जांच शुरू कर दी है।
रौनापार निवासी बस परिचालक नकुल मिश्रा के अनुसार, 15 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे उनकी बस टोल प्लाजा पर पहुंची थी। आरोप है कि उसी दौरान पंकज सिंह और गोलू सिंह के इशारे पर स्कॉर्पियो से पहुंचे करीब आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने चालक और परिचालक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान परिचालक की जेब में रखे करीब चार हजार रुपये भी छीन लिए गए। शोर सुनकर बस में बैठे यात्रियों के हस्तक्षेप पर हमलावर असलहा लहराते हुए गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।
नकुल मिश्रा का आरोप है कि पंकज सिंह और गोलू सिंह अपनी बस इसी मार्ग पर संचालित कराना चाहते हैं। इसी को लेकर आए दिन दबाव बनाने और मारपीट कराने की घटनाएं हो रही हैं।
उधर, जैतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।