जलालपुर, अंबेडकर नगर। समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के धरने के समर्थन में शनिवार को जलालपुर नगर में पदयात्रा निकाली। इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
पदयात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई यादव चौराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से लाखों प्रतियोगी छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि सोनम वांगचुक का आंदोलन जनहित से जुड़ा हुआ है, इसलिए केंद्र सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
पदयात्रा का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य आलोक सिंह यादव एवं धर्मेंद्र यादव ने किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।