Monday, August 31, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरयूजीसी के मुद्दे पर ब्राह्मण महासभा का प्रदर्शन जल्द, पीएम-राष्ट्रपति के नाम...

यूजीसी के मुद्दे पर ब्राह्मण महासभा का प्रदर्शन जल्द, पीएम-राष्ट्रपति के नाम भेजेंगे ज्ञापन


अंबेडकर नगर। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की जिला इकाई की आवश्यक बैठक रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शास्त्रीनगर अकबरपुर में हुई। इसमें ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए यूजीसी के कथित प्रावधानों के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी भेजा जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक डॉ. राम प्रताप मिश्रा ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने किया। जिला अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार ब्राह्मण समाज के साथ अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे समाज में आक्रोश और असंतोष है।

उन्होंने कहा कि यूजीसी से संबंधित कानून के माध्यम से भारतीय समाज की समरसता को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी के विरोध में समाज के युवा लगातार दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं।

अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप मिश्रा ने कहा कि ऋषि-मुनियों और मनीषियों ने तपस्या व ज्ञान के माध्यम से सर्वसमाज को एकजुट करने का काम किया था। वर्तमान में सरकारों की नीतियों से सामाजिक एकता प्रभावित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से समय रहते नीतियों में सुधार करने की मांग की। कहा कि मांगों की अनदेखी का परिणाम सरकार को भुगतना पड़ेगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यूजीसी सहित अन्य मुद्दों को लेकर शीघ्र ही जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।

इस दौरान महासचिव वागीश मिश्र, सचिव अरुण पांडेय, मीडिया प्रभारी अरविंद तिवारी, अनिल शुक्ला, ओंकारनाथ त्रिपाठी, दुर्गेश मिश्रा, जनार्दन पांडेय, विवेक दुबे, बजरंगी पाठक, सभासद रवि पांडेय, नरसिंह भगवान उपाध्याय, अनिरुद्ध तिवारी, राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, धर्मेंद्र प्रकाश मिश्रा, बृजेश पांडेय, शेषमणि दुबे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments