जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़ेपुर निवासी 70 वर्षीय बाबूलाल विश्वकर्मा पुत्र रामकिशोर का शव शुक्रवार को गांधीनगर स्कूल के पास पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष सम्मनपुर अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक बाबूलाल विश्वकर्मा के तीन पुत्र मोहित विश्वकर्मा, राजमन विश्वकर्मा और दुर्गेश विश्वकर्मा तथा एक पुत्री है। बताया गया कि तीनों पुत्र बाहर रहकर कमाई करते हैं, जिसके कारण घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर उपनिरीक्षक दिनेश राय, हल्का सिपाही कृष्ण कुमार और अतुल कुमार समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। ग्राम प्रधान विनोद कुमार गुप्ता, भाजपा नेता अशोक कुमार सहित तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।