अंबेडकर नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भाजपा के विभिन्न मंडलों में स्थगित दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग शनिवार से शुरू होकर रविवार को सम्पन्न हो गया। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा और विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई।
अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के अकबरपुर नगर मंडल में आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कहा कि प्रत्येक संगठन एक लक्ष्य के साथ स्थापित होता है और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सुव्यवस्थित कार्यपद्धति आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विशाल स्वरूप में स्थापित होने के पीछे तीन प्रमुख आधार हैं—विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने के सतत प्रयास।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आपसी समन्वय, आत्मीयता और पारिवारिक भाव के साथ मिलकर संगठन को आगे बढ़ाएं। कहा कि कार्य संचालन, कार्यकर्ताओं का विकास और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना भाजपा की विशिष्ट कार्यशैली का हिस्सा है।
वहीं सैदापुर मंडल के समापन सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही सरकारें बिना भेदभाव के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही हैं।
प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने भी मार्गदर्शन दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष यमुना प्रसाद चतुर्वेदी ने वैचारिक अधिष्ठान, जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव ने बूथ प्रबंधन, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने भाजपा के इतिहास एवं विकास, जिला मंत्री विनय पाण्डेय ने कार्य विस्तार और आईटी जिला संयोजक मनीष मिश्र ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया।
कार्यक्रम का आयोजन अकबरपुर नगर मंडल अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, सैदापुर मंडल अध्यक्ष पंकज प्रजापति और कुर्की मंडल अध्यक्ष शशि द्विवेदी की देखरेख में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।